बांसबारी में विवाद ने लिया हिंसक रूप, तीन नामजद आरोपितों पर केस

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियाव गांव में बांस कटाई को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद पीड़ित के बयान पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बांसबारी में विवाद ने लिया हिंसक रूप, तीन नामजद आरोपितों पर केस

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियाव गांव में बांस कटाई को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद पीड़ित के बयान पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार अरियाव गांव निवासी लव सिंह शुक्रवार की सुबह अपनी बांसबारी में बांस कटवाने के लिए गए थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंच गए और कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और तीन लोगों ने मिलकर लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। हमले में लव सिंह को गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े।

घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपित वहां से फरार हो गए। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की सहायता से घायल को उपचार के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।इलाज कराने के बाद लव सिंह ने कृष्णाब्रह्म थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में उन्होंने गांव के प्रवीण कुमार सिंह उर्फ चिगड़ू सिंह, विकास कुमार सिंह तथा सत्यम सिंह पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले को लेकर कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।