शराब तस्करी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, दो फरार आरोपी गिरफ्तार
नया भोजपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के एक पुराने मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के एक पुराने मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुराना भोजपुर निवासी रितेश कुमार और विशाल चौधरी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मार्च माह में दर्ज शराब तस्करी के मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज थी और पुलिस को उनकी लंबे समय से तलाश थी।

पुलिस के अनुसार, 4 मार्च को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोटरसाइकिलों के माध्यम से देशी शराब की बड़ी खेप लेकर नया भोजपुर और काजीपुर क्षेत्र में आपूर्ति करने वाले हैं। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुराना भोजपुर स्थित पोल फैक्ट्री के समीप घेराबंदी की थी।छापेमारी के दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने जब्त वाहनों की तलाशी ली, जिसमें लगभग 160 लीटर देशी शराब बरामद हुई थी।

इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर छह लोगों को आरोपित किया गया था।लगातार छापेमारी, निगरानी और तकनीकी अनुसंधान के बाद पुलिस ने अब दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

