दो गांवों के टकराव से गरमाया माहौल, भीड़ ने फूंकी बाइक; फायरिंग की चर्चा से बढ़ी सनसनी
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के छतनवार और सोवा गांव के बीच युवकों का विवाद अब तनाव का रूप ले चुका है। शनिवार से शुरू हुआ विवाद रविवार को उस समय हिंसक हो गया, जब बड़ी संख्या में युवकों के सोवा पहुंचने के बाद हंगामा हुआ। इसी दौरान एक बाइक को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद दोनों गांवों में तनाव का माहौल है।

__ छतनवार-सोवा के युवकों के बीच विवाद ने पकड़ा हिंसक रूप, 30-40 युवकों के पहुंचने का आरोप; पुलिस बोली—स्थिति नियंत्रण में, आवेदन मिलते ही होगी कार्रवाई
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के छतनवार और सोवा गांव के बीच युवकों का विवाद अब तनाव का रूप ले चुका है। शनिवार से शुरू हुआ विवाद रविवार को उस समय हिंसक हो गया, जब बड़ी संख्या में युवकों के सोवा पहुंचने के बाद हंगामा हुआ। इसी दौरान एक बाइक को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद दोनों गांवों में तनाव का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ाने के साथ ही संभावित उपद्रवियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है।बताया जाता है कि शनिवार दोपहर छतनवार गांव के कुछ युवक सोवा पहुंचे थे। वहां कथित अशोभनीय हरकत का विरोध करने पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ता चला गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन विवाद पूरी तरह शांत नहीं हो सका।रविवार को मामला फिर भड़क उठा। आरोप है कि छतनवार गांव से करीब 30 से 40 युवक बाइक से सोवा पहुंचे और हंगामा करने लगे। इसी दौरान फायरिंग किए जाने की भी चर्चा फैल गई। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। इसी बीच एक बाइक मौके पर छूट गई, जिसे आक्रोशित लोगों ने आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते बाइक जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी, लेकिन फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि फायरिंग की बात की जांच की जा रही है। किसी पक्ष से लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन प्राप्त होने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

