घर में सोता रहा परिवार, बैग लेकर चोर फरार; 3.50 लाख नकद और पांच लाख के जेवरात गायब
मुफस्सिल थाना क्षेत्र की दक्षिणी रेलवे कॉलोनी में शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने रेलवे टेक्नीशियन के घर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। हैरानी की बात यह रही कि जिस कमरे में परिवार के सदस्य सो रहे थे, उसी घर से चोर करीब 3.50 लाख रुपये नकद और लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

केटी न्यूज/चौसा।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र की दक्षिणी रेलवे कॉलोनी में शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने रेलवे टेक्नीशियन के घर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। हैरानी की बात यह रही कि जिस कमरे में परिवार के सदस्य सो रहे थे, उसी घर से चोर करीब 3.50 लाख रुपये नकद और लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गए। सुबह चोरी का पता चलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।पीड़ित रेलवे टेक्नीशियन महेंद्र तिर्की ने बताया कि वह जमीन खरीदने की तैयारी कर रहे थे। इसी उद्देश्य से घर में 3.50 लाख रुपये नकद रखे थे। इसके अलावा करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात भी बैग में रखे गए थे।

जेवरात के आधार पर लोन लेने की भी तैयारी थी। परिवार को सुबह जब सामान गायब होने की जानकारी हुई तो चोरी की घटना सामने आई।पीड़ित के अनुसार, आशंका है कि चोर देर रात किसी तरह घर में प्रवेश कर उस बैग को लेकर निकल गए। चोरी के दौरान परिवार के सदस्यों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे वारदात को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। खासकर यह कि चोर घर में किस रास्ते से दाखिल हुए और परिवार के सोते रहने के बावजूद बिना आहट सामान लेकर कैसे निकल गए।घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मुफस्सिल चौकी प्रभारी गुड्डू चौधरी ने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।पुलिस के अनुसार, घर का मुख्य दरवाजा सुरक्षित है और जिस स्थान पर नकदी व जेवरात रखे गए थे, वहां परिवार के सदस्य सो रहे थे। ऐसे में पुलिस चोरी के तरीके और संभावित संदिग्धों की पहचान के बिंदु पर जांच आगे बढ़ा रही है।

