फर्जी नंबर प्लेट की आड़ में शराब तस्करी का खेल बेनकाब, दो स्कॉर्पियो से 475 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में नया भोजपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सिमरी रोड पर घेराबंदी कर दो स्कॉर्पियो वाहनों से 475.20 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान नालंदा और जहानाबाद जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

फर्जी नंबर प्लेट की आड़ में शराब तस्करी का खेल बेनकाब, दो स्कॉर्पियो से 475  लीटर विदेशी शराब बरामद,  दो तस्कर गिरफ्तार

__ यूपी से बिहार लाई जा रही थी विदेशी शराब की खेप, सिमरी रोड पर पुलिस की घेराबंदी में खुला राज; नालंदा और जहानाबाद के तस्कर गिरफ्तार, वाहनों के असली मालिकों की तलाश तेज

केटी न्यूज/डुमरांव।

शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में नया भोजपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सिमरी रोड पर घेराबंदी कर दो स्कॉर्पियो वाहनों से 475.20 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान नालंदा और जहानाबाद जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू दोनों स्कॉर्पियो पर लगी फर्जी हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) है। फर्जी नंबर प्लेट के सहारे शराब की खेप ढोए जाने से पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं दोनों वाहनों की पहचान छिपाकर उनका इस्तेमाल किसी बड़े तस्करी नेटवर्क में तो नहीं किया जा रहा था।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से दो लग्जरी वाहनों में शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। तस्करों की योजना पुराना भोजपुर के रास्ते शराब को अलग-अलग ठिकानों तक पहुंचाने की थी।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने पुलिस टीम गठित कर सिमरी रोड पर वाहन जांच शुरू कराई।इसी दौरान सिमरी की तरफ से तेज रफ्तार में आती दो स्कॉर्पियो पुलिस के रडार पर आ गईं। पुलिस ने दोनों वाहनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालकों ने गति बढ़ा दी। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी शुरू होते ही वाहनों में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हो गई।पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों से विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद हुई है। इसमें ऑफिसर्स चॉइस 180 एमएल की 20 कार्टून, किंगफिशर 500 एमएल की 10 कार्टून और रॉयल चैलेंज 750 एमएल की चार कार्टून सहित अन्य ब्रांड की शराब शामिल है। कुल बरामदगी 475.20 लीटर बताई गई है।

--दो जिलों से जुड़े तस्कर, यूपी से लेकर बिहार तक नेटवर्क की जांच

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के अरवा गांव निवासी रिशु कुमार, पिता मिथलेश ठाकुर तथा जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के लाट गांव निवासी आजाद कुमार, पिता अवध बिहारी शर्मा के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने शराब की खेप उत्तर प्रदेश से लाने की बात पुलिस को बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लोड की गई थी और बिहार में इसे किन-किन ठिकानों तक पहुंचाया जाना था।

--फर्जी एचएसआरपी ने बढ़ाई पुलिस की जांच

शराब के साथ पकड़ी गई दोनों स्कॉर्पियो पर लगे नंबर प्लेट भी जांच के घेरे में आ गए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों पर फर्जी एचएसआरपी लगी थी। वाहनों पर बीआर 01 पीजी 2730 और बीआर 01 पीजी 4034 नंबर अंकित मिले हैं। नंबर प्लेट संदिग्ध मिलने के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर उनके इंजन और चेसिस नंबर की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वाहन वास्तविक रूप से किसके नाम पर पंजीकृत हैं और इनके नंबर से छेड़छाड़ क्यों की गई।फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल शराब तस्करी में किया जाना पुलिस के लिए जांच का अहम बिंदु बन गया है।

पुलिस यह भी खंगाल रही है कि वाहनों को चोरी या किसी अन्य तरीके से हासिल कर उनकी पहचान बदलकर तो इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था।थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। शराब की खेप के स्रोत से लेकर उसके संभावित खरीदारों तक पहुंचने वाले नेटवर्क को अनुसंधान में शामिल किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में शराब तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।