मझवारी का जमीन विवाद, एक पक्ष ने दर्ज कराया एफआईआर
सिमरी थाना क्षेत्र के मझवारी गांव में वर्षों से चल रहा जमीन का विवाद सोमवार को एक बार फिर हिंसा में बदल गया। खेत की हल्की-सी जुताई को लेकर शुरू हुई तकरार देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने तक पहुंच गई। मंगलवार की सुबह एक पक्ष के रामाकांत सिंह ने छह लोगों को नामजद करते हुए थाने में आवेदन दिया है।
केटी न्यूज/सिमरी
सिमरी थाना क्षेत्र के मझवारी गांव में वर्षों से चल रहा जमीन का विवाद सोमवार को एक बार फिर हिंसा में बदल गया। खेत की हल्की-सी जुताई को लेकर शुरू हुई तकरार देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने तक पहुंच गई। मंगलवार की सुबह एक पक्ष के रामाकांत सिंह ने छह लोगों को नामजद करते हुए थाने में आवेदन दिया है।जानकारी के अनुसार रामाकांत सिंह अपने खेत में गेहूं की बोआई कर चुके थे। आरोप है कि इसी खेत में प्रतिपक्ष द्वारा दोबारा जोताई कराई जा रही थी।

विरोध करने पर दोनों ओर से विवाद भड़क गया और मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुई इस झड़प में कुल 14 लोग घायल हो गए, जिनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं।रामाकांत पक्ष से रामाकांत सिंह, धनमुनिया देवी, शिवशंकर सिंह, दुर्गावती देवी और चंदन सिंह घायल बताए गए हैं। वहीं प्रतिपक्ष से नंदनी कुमारी, राजकुमार, दयाशंकर कुशवाहा, अनीता देवी, सुनील कुमार कुशवाहा, जितेंद्र कुशवाहा, रवि कुमार, सीमा देवी और खुशबू कुमारी को चोटें आई हैं।

घटना के बाद जहां रामाकांत पक्ष ने प्राथमिकी दर्ज करा दी है, वहीं दूसरे पक्ष ने अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी है, लेकिन वे भी विरोधी पक्ष पर ही हमले का आरोप लगा रहे हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष ब्रजेश सिंह ने बताया कि मामले की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इससे पहले भी इसी भूमि विवाद से जुड़े तीन मामले थाना में दर्ज हो चुके हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रही है।
