गलत ट्रेन, गलत पता… फिर भी सुरक्षित घर वापसी
नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 15, बक्सर किला स्थित पानी टंकी के समीप रहने वाले आकाश डोम के दो नाबालिग बच्चों की रहस्यमय गुमशुदगी का मामला आखिरकार सुखद अंत तक पहुंच गया। करीब पांच दिनों से लापता 14 वर्षीय शीतल कुमारी और 6 वर्षीय विकास कुमार को मध्य प्रदेश के कटनी से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
--बक्सर पुलिस और बाल संरक्षण इकाई की सतर्कता से दो नाबालिगों की सकुशल बरामदगी
केटी न्यूज/बक्सर
नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 15, बक्सर किला स्थित पानी टंकी के समीप रहने वाले आकाश डोम के दो नाबालिग बच्चों की रहस्यमय गुमशुदगी का मामला आखिरकार सुखद अंत तक पहुंच गया। करीब पांच दिनों से लापता 14 वर्षीय शीतल कुमारी और 6 वर्षीय विकास कुमार को मध्य प्रदेश के कटनी से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है।जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे 12 जनवरी को घर से बिना बताए निकल गए थे। परिजनों द्वारा लगातार खोजबीन के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो 17 जनवरी को नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और आसूचना के आधार पर बच्चों की तलाश तेज कर दी।जांच के क्रम में पता चला कि बच्चे गाजीपुर स्थित ननिहाल जाने के उद्देश्य से बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन गलती से गलत ट्रेन पकड़ लेने के कारण वे मध्य प्रदेश के कटनी पहुंच गए। यात्रा के दौरान एक सतर्क यात्री ने बच्चों की स्थिति को समझते हुए उन्हें जीआरपी कटनी के हवाले कर दिया। इसके बाद बच्चों को बाल संरक्षण इकाई, कटनी भेजा गया।

हालांकि, पूछताछ के दौरान बच्ची द्वारा बक्सर के बजाय “बस्तर” बताए जाने से कुछ समय के लिए पते को लेकर भ्रम की स्थिति बनी, लेकिन लगातार संवाद के बाद सही जानकारी सामने आई। इसके बाद कटनी बाल संरक्षण इकाई ने बक्सर पुलिस से संपर्क किया। सूचना मिलते ही बक्सर पुलिस की टीम कटनी पहुंची और दोनों बच्चों को सुरक्षित लेकर वापस आई।रविवार को नगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि अंतरराज्यीय समन्वय, तकनीकी अनुसंधान और बाल संरक्षण इकाइयों की तत्परता से बच्चों को सुरक्षित बरामद किया गया। बच्चों की वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

