डुमरांव में एकलव्य आवासीय खेल केंद्र से बदलेगी खेल की तस्वीर
डुमरांव के सीपीएसएस प्लस-2 उच्च विद्यालय में शुरू हो रहा एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र अब केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं के सपनों को पंख देने का माध्यम बनता नजर आ रहा है। इसी क्रम में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने विद्यालय पहुंचकर प्रशिक्षण केंद्र की तैयारियों, खेल सुविधाओं और व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उनका यह दौरा इस बात का संकेत माना जा रहा है कि राज्य सरकार खेलों को लेकर जमीनी स्तर पर कितनी गंभीर है।
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव के सीपीएसएस प्लस-2 उच्च विद्यालय में शुरू हो रहा एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र अब केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं के सपनों को पंख देने का माध्यम बनता नजर आ रहा है। इसी क्रम में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने विद्यालय पहुंचकर प्रशिक्षण केंद्र की तैयारियों, खेल सुविधाओं और व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उनका यह दौरा इस बात का संकेत माना जा रहा है कि राज्य सरकार खेलों को लेकर जमीनी स्तर पर कितनी गंभीर है।निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री ने खिलाड़ियों की आवासीय व्यवस्था, भोजन, सुरक्षा, खेल मैदान, उपकरण और प्रशिक्षण पद्धति की विस्तार से समीक्षा की।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि खिलाड़ियों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जहां वे बिना किसी बाधा के अभ्यास कर सकें। मंत्री ने कहा कि एकलव्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र का उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें वैज्ञानिक और अनुशासित प्रशिक्षण देना है, ताकि वे राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकें।योजना के प्रथम चरण में विद्यालय परिसर में कबड्डी का विशेष आवासीय प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया गया है। कबड्डी जैसे लोकप्रिय ग्रामीण खेल को चुने जाने से स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

प्रशिक्षण की जिम्मेदारी अनुभवी प्रशिक्षक मो. इजराफिल नदाफ को सौंपी गई है, जो खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक, फिटनेस और रणनीति का प्रशिक्षण दे रहे हैं।इस अवसर पर एसडीएम राकेश कुमार, डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह, जिला खेल पदाधिकारी आलोक वत्स समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने इसे डुमरांव के लिए ऐतिहासिक पहल बताया। अधिकारियों का मानना है कि यह प्रशिक्षण केंद्र आने वाले वर्षों में क्षेत्र को खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा और यहीं से कई खिलाड़ी बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे।

