रात के अंधेरे में ट्रांसफॉर्मर उखाड़ ले गए चोर, तांबा निकाल खेत में फेंके पुर्जे

धनसोई थाना क्षेत्र के भरखरा गांव के उत्तर-पूर्व स्थित डेहरिया गांव के बधार में चोरों ने बिजली विभाग को बड़ी चपत लगाने के साथ किसानों की चिंता बढ़ा दी। अज्ञात चोर रात के सन्नाटे में कृषि ट्रांसफॉर्मर को नीचे उतार ले गए और उसमें से तांबा व अन्य कीमती सामान निकालने के बाद बचे पुर्जों को खेत में इधर-उधर फेंक दिया।

रात के अंधेरे में ट्रांसफॉर्मर उखाड़ ले गए चोर, तांबा निकाल खेत में फेंके पुर्जे

केटी न्यूज/राजपुर। 

धनसोई थाना क्षेत्र के भरखरा गांव के उत्तर-पूर्व स्थित डेहरिया गांव के बधार में चोरों ने बिजली विभाग को बड़ी चपत लगाने के साथ किसानों की चिंता बढ़ा दी। अज्ञात चोर रात के सन्नाटे में कृषि ट्रांसफॉर्मर को नीचे उतार ले गए और उसमें से तांबा व अन्य कीमती सामान निकालने के बाद बचे पुर्जों को खेत में इधर-उधर फेंक दिया। बुधवार सुबह खेत की ओर पहुंचे किसानों को ट्रांसफॉर्मर गायब मिला तो इलाके में हड़कंप मच गया।बताया जाता है कि राधेश्याम पांडेय के खेत के पास यह ट्रांसफॉर्मर लगाया गया था। मंगलवार शाम तक सब कुछ सामान्य था। खेतों में पर्याप्त पानी होने के कारण किसानों ने मोटर बंद कर रखी थी। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने देर रात वारदात को अंजाम दिया। सुबह ट्रांसफॉर्मर गायब देख किसानों की भीड़ मौके पर जुट गई।

किसानों के अनुसार, ‘हर खेत तक बिजली’ योजना के तहत लगाए गए इस ट्रांसफॉर्मर से धान की रोपाई और सिंचाई में काफी सहूलियत मिल रही थी। अब इसके चोरी होने से खेतों का पानी सूखने पर सिंचाई संकट गहराने की आशंका है।किसान शंकर पांडेय, पंचदेव पटेल, शीरी कोइरी, सूरज गुप्ता, संतोष पटेल व जय प्रकाश पटेल समेत अन्य ग्रामीणों ने घटना पर नाराजगी जताई। किसानों ने बताया कि कुछ माह पूर्व भी इलाके में बिजली के तार चोरी हुए थे, लेकिन उसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।सूचना पर धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटना के बाद धनसोई व राजपुर पुलिस ने सीमावर्ती गांवों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।