ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, पटना में मौत; ब्रह्मपुर में शव रख परिजनों ने किया सड़क जाम

ब्रह्मपुर चौरस्ता स्थित बाबा जनहितार्थ अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की तबीयत बिगड़ने और पटना में इलाज के दौरान मौत का मामला सामने आया है। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए बुधवार को अस्पताल के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया।

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, पटना में मौत; ब्रह्मपुर में शव रख परिजनों ने किया सड़क जाम

__ पथरी के ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप, सीबीडी क्षतिग्रस्त होने का दावा; पुलिस ने समझाकर हटाया जाम, पोस्टमार्टम के बाद खुलेगा मौत का राज

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर। 

ब्रह्मपुर चौरस्ता स्थित बाबा जनहितार्थ अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की तबीयत बिगड़ने और पटना में इलाज के दौरान मौत का मामला सामने आया है। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए बुधवार को अस्पताल के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब घंटों तक चौरस्ता पर आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर जाम समाप्त कराया।मृतका की पहचान निमेज गांव निवासी गोरख यादव की 45 वर्षीय पत्नी जमुनी देवी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, 9 जून को बाबा जनहितार्थ अस्पताल में जमुनी देवी का पथरी का ऑपरेशन कराया गया था। ऑपरेशन के करीब आठ दिन बाद उनके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। हालत बिगड़ने पर अस्पताल के चिकित्सक ने उन्हें आरा के एक अस्पताल में रेफर कर दिया।

वहां उपचार के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित निदान अस्पताल लेकर पहुंचे।परिजनों का दावा है कि पटना में जांच के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि पूर्व में हुए ऑपरेशन के दौरान महिला की सीबीडी (कॉमन बाइल डक्ट) को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद जमुनी देवी का पटना में उपचार चल रहा था, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर होती गई। इलाज के दौरान 12 अगस्त को निदान अस्पताल में उनकी मौत हो गई।मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। वे शव लेकर ब्रह्मपुर पहुंचे और बाबा जनहितार्थ अस्पताल के सामने सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया। परिजन ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया।परिजनों ने डॉ. विनोद कुमार सिंह पर ऑपरेशन में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल के चिकित्सक और कर्मियों के वहां से चले जाने की भी बात सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, इलाज से जुड़े दस्तावेज और चिकित्सकीय जांच के आधार पर ही महिला की मौत के वास्तविक कारण तथा लगाए गए आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।