फर्जी शादी का जाल: दुल्हन बनी ठग, नकदी-जेवर लेकर दलाल संग फरार

शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां एक सुनियोजित गिरोह ने बाहर से आए परिवार को अपने जाल में फंसाकर नकदी और लाखों के जेवरात ठग लिए। इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

फर्जी शादी का जाल: दुल्हन बनी ठग, नकदी-जेवर लेकर दलाल संग फरार

__ कानपुर देहात के परिवार को बिहार बुलाकर रचाई साजिश, कोर्ट मैरिज के नाम पर ठगी; एक दलाल पकड़ाया, मुख्य आरोपी फरार 

केटी न्यूज/चौसा

शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां एक सुनियोजित गिरोह ने बाहर से आए परिवार को अपने जाल में फंसाकर नकदी और लाखों के जेवरात ठग लिए। इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।जानकारी के अनुसार, पीड़ित रमेश कुमार, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के निवासी हैं और फिलहाल फरीदाबाद में रहते हैं, अपने तीसरे बेटे विनय कुमार की शादी के लिए एक दलाल के संपर्क में आए थे। दलाल ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह बिहार के बक्सर में एक उपयुक्त लड़की से शादी करवा देगा। विश्वास जीतने के लिए उसने लड़की का आधार कार्ड भी दिखाया, जिसमें उसका पता राजपुर थाना क्षेत्र के बारूपुर गांव का बताया गया।

दलाल के झांसे में आकर रमेश अपने परिवार के साथ बक्सर पहुंचे, जहां कथित तौर पर कोर्ट मैरिज के जरिए शादी कराई गई। शादी के दौरान लड़के पक्ष ने 70 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात लड़की को सौंप दिए।शादी के तुरंत बाद दलाल परिवार को स्टेशन छोड़ने के बहाने चौसा ले आया। इसी दौरान स्टेशन रोड पर अचानक साजिश को अंजाम देते हुए दलाल ने लड़की को ऑटो से उतारकर बाइक पर बैठाया और फरार हो गया। मौके पर मौजूद परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए एक अन्य दलाल को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार लड़की व मुख्य दलाल की तलाश में जुटी है। हालांकि अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से औपचारिक आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है और जांच जारी है।