अतिमी पैक्स चुनाव में दिखी शुरुआती गहमागहमी, पहले दिन ही पांच अध्यक्ष पद के दावेदार मैदान में
अतिमी पैक्स गठन को लेकर चल रहे नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन चुनावी माहौल गर्म हो गया। अध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश कर दी, जिससे मुकाबला रोचक होने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं सदस्य पद के लिए भी आठ अभ्यर्थियों ने नामांकन कर चुनावी सरगर्मी बढ़ा दी है। बीडीओ कार्यालय में शांतिपूर्ण माहौल के बीच नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई गई।
केटी न्यूज/नावानगर
अतिमी पैक्स गठन को लेकर चल रहे नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन चुनावी माहौल गर्म हो गया। अध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश कर दी, जिससे मुकाबला रोचक होने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं सदस्य पद के लिए भी आठ अभ्यर्थियों ने नामांकन कर चुनावी सरगर्मी बढ़ा दी है। बीडीओ कार्यालय में शांतिपूर्ण माहौल के बीच नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई गई। बीडीओ सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी सूरज कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष पद के लिए पचरतनी देवी, सुबोध कुमार, राजू यादव, सुनील यादव और गुड्डी देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।

उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल छह एनआर कटे हैं, जिसमें से पांच प्रत्याशियों ने पहले ही दिन नामांकन कर दिया है, जबकि एक और दावेदार के नामांकन की संभावना बनी हुई है। उन्होंने आगे बताया कि सभी नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 11 अप्रैल को की जाएगी, जबकि मतदान 20 अप्रैल को कराया जाएगा। चुनाव को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से कुल 2406 मतदाताओं के लिए चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नामांकन के बाद प्रत्याशियों के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

बीडीओ कार्यालय के बाहर समर्थकों ने फूल-माला पहनाकर अपने-अपने उम्मीदवारों का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सभी प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र में लौटे, जहां ग्रामीणों ने भी उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। नामांकन के साथ ही अब सभी उम्मीदवार जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं और मतदाताओं से समर्थन एवं आशीर्वाद लेने का सिलसिला शुरू हो गया है। चुनाव की तिथि नजदीक आते ही अतिमी क्षेत्र में राजनीतिक हलचल और तेज होने की संभावना हैं।

