फरार वारंटियों पर पुलिस की सख्ती, कुर्की-जब्ती की चेतावनी
नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर गांव में पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे करीब आधा दर्जन आरोपियों के घरों पर इश्तहार चस्पा किया। इस कार्रवाई का उद्देश्य आरोपियों को न्यायालय में शीघ्र आत्मसमर्पण के लिए बाध्य करना है।
केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर गांव में पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे करीब आधा दर्जन आरोपियों के घरों पर इश्तहार चस्पा किया। इस कार्रवाई का उद्देश्य आरोपियों को न्यायालय में शीघ्र आत्मसमर्पण के लिए बाध्य करना है।पुलिस के अनुसार, जिन वारंटियों के घर इश्तहार लगाए गए हैं, उनमें पप्पू चौधरी, नीरज चौधरी, अनिल कुमार सिंह, आकाश सिंह और मनीष मिश्रा समेत अन्य शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज है, जिनमें मारपीट सहित विभिन्न आपराधिक आरोप शामिल हैं।

बावजूद इसके, सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे।थानाध्यक्ष ने बताया कि न्यायालय से निर्गत वारंट के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। इश्तहार चस्पाने के बाद भी यदि संबंधित आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त किए जाएंगे।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों पर लगातार दबाव बनाया जाएगा और उन्हें हर हाल में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

