शादी का झांसा दे दुष्कर्म और लाखों की ठगी का आरोप: कोलकाता से बक्सर तक न्याय की लड़ाई
होमगार्ड जवान अजय सिंह पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज आरोप लगा है। पीड़िता सुजाता क्षेत्री ने पश्चिम बंगाल के बेलाघाटा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला दर्ज कराने के बाद वह न्याय की गुहार लेकर बक्सर पहुंची और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य से मिलकर पूरे प्रकरण की जानकारी दी।
केटी न्यूज/बक्सर
होमगार्ड जवान अजय सिंह पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज आरोप लगा है। पीड़िता सुजाता क्षेत्री ने पश्चिम बंगाल के बेलाघाटा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला दर्ज कराने के बाद वह न्याय की गुहार लेकर बक्सर पहुंची और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य से मिलकर पूरे प्रकरण की जानकारी दी।पीड़िता का आरोप है कि अजय सिंह ने उससे शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए और भरोसे का फायदा उठाते हुए समय-समय पर बड़ी रकम भी ली। जब उसने विवाह की बात को अंतिम रूप देने का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया और संपर्क तोड़ लिया। खुद को ठगा और शोषित महसूस करने के बाद उसने कोलकाता में कानूनी कार्रवाई शुरू की।

बक्सर पहुंचकर पीड़िता ने जिला होमगार्ड कमांडेंट से भी मुलाकात कर विभागीय कार्रवाई की मांग की। साथ ही उसने शाहाबाद रेंज के डीआईजी सत्यप्रकाश से मिलकर निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई। पीड़िता का कहना है कि उसे बिहार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की उम्मीद है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।मामला अंतरराज्यीय होने के कारण कोलकाता और बिहार पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बेलाघाटा थाने से केस का विस्तृत ब्योरा मंगाया गया है और सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है।अब नजर इस बात पर टिकी है कि जांच कितनी तेजी से आगे बढ़ती है और पीड़िता को इंसाफ कब तक मिल पाता है।

