अकालूपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास वाहन जांच में शराब बरामद, स्कूटी सवार गिरफ्तार

स्थानीय थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कृष्णाब्रह्म पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वाहन जांच एवं गश्ती के दौरान पुलिस ने एक स्कूटी सवार युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अंग्रेजी शराब बरामद की।

अकालूपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास वाहन जांच में शराब बरामद, स्कूटी सवार गिरफ्तार

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

स्थानीय थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कृष्णाब्रह्म पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वाहन जांच एवं गश्ती के दौरान पुलिस ने एक स्कूटी सवार युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अंग्रेजी शराब बरामद की। इस कार्रवाई के बाद आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान अकालूपुर रेलवे क्रॉसिंग के आगे स्थित एक ईंट-भट्ठा के समीप पुलिस की नजर एक स्कूटी सवार पर पड़ी। पुलिस टीम को देखते ही चालक ने अचानक दिशा बदलकर वहां से निकलने का प्रयास किया। उसके संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रोक लिया।

तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से 24 टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामदगी के बाद युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसकी पहचान औद्योगिक थाना क्षेत्र के मंझरिया गांव निवासी दीपक कुमार गुप्ता के रूप में हुई।पुलिस ने मौके से शराब और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को जब्त कर लिया। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि क्षेत्र में शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।