युवक से मारपीट और वीडियो वायरल मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज, एक गिरफ्तार
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियाव पंचायत के एक गांव में युवक के साथ मारपीट कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पीड़ित के बयान के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियाव पंचायत के एक गांव में युवक के साथ मारपीट कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पीड़ित के बयान के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार, अरियाव निवासी राहुल कुमार ने थाने में दिए गए आवेदन में बताया है कि 30 मई को वह कृष्णाब्रह्म बाजार से पैदल अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान नाटा डेरा गांव के समीप कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और कथित रूप से मारपीट की।

पीड़ित का आरोप है कि हमले के दौरान उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।राहुल कुमार ने बताया कि घटना के बाद उसने किसी तरह अपने परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे इलाज के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। इस बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।

पीड़ित के फर्द बयान के आधार पर गोलू यादव, छोटू यादव, मनोज यादव समेत कुल आठ लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित रबिंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। मामले की जांच जारी है तथा शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की गहन जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

