अधेड़ की संदिग्ध स्थिति में मौत मामले में पुत्र के बयान पर दो नामजद समेत तीन पर प्राथमिकी दर्ज

कोरानसराय थाना क्षेत्र के ब्रह्म बाबा के समीप 57 वर्षीय महेंद्र पासी की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या के मुकदमे में तब्दील हो गया है। मृतक के पुत्र सन्नी कुमार के बयान पर कोरानसराय थाने में दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

अधेड़ की संदिग्ध स्थिति में मौत मामले में पुत्र के बयान पर दो नामजद समेत तीन पर प्राथमिकी दर्ज

__ दाहिने हाथ पर कटने के निशान के बाद गहराया था संदेह, पुत्र के बयान पर मुकेश कुशवाहा व विकास यादव समेत एक अज्ञात पर हत्या का केस

केटी न्यूज/डुमरांव।

कोरानसराय थाना क्षेत्र के ब्रह्म बाबा के समीप 57 वर्षीय महेंद्र पासी की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या के मुकदमे में तब्दील हो गया है। मृतक के पुत्र सन्नी कुमार के बयान पर कोरानसराय थाने में दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।पुलिस को दिए आवेदन में सन्नी कुमार ने आशंका जताई है कि चौगाईं निवासी मुकेश कुशवाहा उर्फ भुवर तथा बंजरिया निवासी विकास कुमार यादव उर्फ छोटू यादव ने एक अन्य अज्ञात युवक के साथ मिलकर उनके पिता की हत्या की और शव को कोरानसराय-चौगाईं मार्ग के किनारे फेंक दिया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

गौरतलब है कि शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे ब्रह्म बाबा के समीप महेंद्र पासी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के दाहिने हाथ पर कटने का निशान भी मिला था। शरीर पर अन्य गंभीर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिलने के कारण मौत की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी थी। वहीं, परिजनों ने शुरू से ही हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच भी मामले की दिशा तय करेगी। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ आरोपितों की गतिविधियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के पुत्र के बयान पर दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।