नौकरी का झांसा देकर युवक को बिहिया ले जाकर मारपीट और करंट लगाने का आरोप

प्राइवेट कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर एक व्यक्ति को भोजपुर के बिहिया ले जाकर उसके साथ मारपीट करने और बिजली का करंट लगाने का मामला सामने आया है। घटना 19 जुलाई की बताई जा रही है। पीड़ित की पत्नी के बयान पर कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नौकरी का झांसा देकर युवक को बिहिया ले जाकर मारपीट और करंट लगाने का आरोप

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।

प्राइवेट कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर एक व्यक्ति को भोजपुर के बिहिया ले जाकर उसके साथ मारपीट करने और बिजली का करंट लगाने का मामला सामने आया है। घटना 19 जुलाई की बताई जा रही है। पीड़ित की पत्नी के बयान पर कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।रमसर गांव निवासी पीड़ित की पत्नी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 19 जुलाई को बड़का ढकाइच गांव के समीप पटना-बक्सर एनएच-922 पर उसके पति की कुछ लोगों से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि उक्त लोगों ने प्राइवेट नौकरी दिलाने की बात कहकर उन्हें अपने साथ बाइक पर बैठा लिया और भोजपुर जिले के बिहिया ले गए। वहां पहुंचने के बाद उनके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, आरोपितों ने उन्हें बिजली का करंट भी लगाया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।

घटना के बाद पीड़ित को जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पत्नी और अन्य परिजन वहां पहुंचे। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद से पीड़ित की मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं है और वह पहले की तरह व्यवहार नहीं कर पा रहे हैं।इस मामले में सिमरी थाना क्षेत्र के तिलक राय के हाता निवासी डब्बलू गिरी, धनजी गिरी, नन्दजी गिरी और एक महिला को नामजद किया गया है। पीड़िता ने आरोपितों पर नौकरी का झांसा देकर पति को ले जाने और उनके साथ अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगाया है।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।