आम लूटकांड में पुलिस की दबिश, यूपी से फरार आरोपी गिरफ्तार
आम लदे ट्रक लूटकांड में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को कृष्णाब्रह्म पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर कोतवाली थाना क्षेत्र के गोपालपुर सहोदरा गांव निवासी गोलू गोंड़ उर्फ वशिस को पकड़ लिया।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
आम लदे ट्रक लूटकांड में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को कृष्णाब्रह्म पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर कोतवाली थाना क्षेत्र के गोपालपुर सहोदरा गांव निवासी गोलू गोंड़ उर्फ वशिस को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक पूछताछ कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।पुलिस के अनुसार, आम लदे ट्रक को लूटने की वारदात में गोलू गोंड़ की संलिप्तता सामने आई थी। मामले को लेकर कृष्णाब्रह्म थाना में कांड संख्या 119/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

इसी बीच पुलिस को आरोपी के उत्तर प्रदेश स्थित ठिकाने पर मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर वहां दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई से लूटकांड में शामिल अन्य आरोपियों में भी हड़कंप मच गया है।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से लूट की घटना और उसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से कांड से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि आम लदे ट्रक लूटकांड में संलिप्तता के आरोप में गोलू गोंड़ उर्फ वशिस को गिरफ्तार किया गया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है और कांड से जुड़े अन्य बिंदुओं की जांच जारी है।

