फागु टोला में मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में भिड़ंत; चार घायल
कोरानसराय थाना क्षेत्र के फागु टोला मोहल्ले में आपसी कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।

केटी न्यूज/डुमरांव।
कोरानसराय थाना क्षेत्र के फागु टोला मोहल्ले में आपसी कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।घटना की सूचना मिलते ही कोरानसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और हमला करने का आरोप लगाते हुए थाना में अलग-अलग आवेदन सौंपा है।थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि एक पक्ष की ओर से अभय कुमार ने आवेदन देकर छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया है।

वहीं दूसरे पक्ष के मुन्ना सिंह उर्फ योगेंद्र सिंह ने नौ लोगों के खिलाफ मारपीट और हंगामा करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। पुलिस दोनों आवेदनों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच किसी मामूली बात को लेकर पहले कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। अचानक हुई इस हिंसक झड़प से मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे।पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले तथ्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

