329 जोड़ो ने कहीं निकाह, तो कहीं दूल्हा-दुल्हन ने लिए अग्नि के सात फेरे

329 जोड़ो ने कहीं निकाह, तो कहीं दूल्हा-दुल्हन ने लिए अग्नि के सात फेरे

केटी न्यूज/गाजीपुर

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन आरटीआई मैदान (नवीन स्टेडियम) में शुक्रवार को आयोजित किया गया। इसका शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया किया। इस योजना के तहत जनपद के आठ विकास खंडों के कुल 329 जोड़ों का सामूहिक विवाह पूरे विधि-विधान से सम्पन्न हुआ, जिसमें तीन मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी कराया गया। उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव विवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए उनके वैवाहिक जीवन की मंगल कामना की। इस मौके पर विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह ‘चंचल ने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री जी की एक महत्वपूर्ण योजना है।

मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के सभी जनपदो में यह योजना लागू कर गरीब, मजदूर, असहाय परिवारों को इसका लाभ दिया है। उन्होने शादी समारोह में आए हुए वर एवं वधु के परिजनो के प्रति शुभकामना व्यक्त करते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत 51 हजार रुपए की धनराशि प्रदान की जा रहा है, जिसमें 35 हजार रुपए वधू के खाते में तथा 10 हजार रुपए के उपहार एवं छह हजार शादी समारोह के आयोजन के लिए दिया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने नव विवाहित वर-वधुओं को आर्शिवचन देते हुए कहा कि नव विवाहित जोड़ो ने सात फेरे लेकर एक साथ रहने का जो संकल्प लिया है, उसका आजीवन निर्वहन करें। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने नव विवाहित जोड़ो को उनके सुखमय जीवन की शुभकामना देते हुए कहा कि दहेज लेना एक अभिशाप है, जिसे हमें समाज से दूर करना है।

डीएम आर्यका अखौरी ने नव विवाहित जोड़ों को बधाई दी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह योजना कार्यक्रम महिलाओं के प्रति समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करने के लिए एक बहुत ही सार्थक प्रयास है। एसपी ओमवीर सिंह ने सभी नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर सभी दाम्पत्य जोड़ों को पौधरोपण के लिए पौधे उपलब्ध कराए गए तथा प्रत्येक जोड़ों को अपनी सालगीरह पर प्रत्येक वर्ष एक-एक पौध लगाने की अपली की गई। कार्यक्रम में पूर्व पिछड़ावर्ग उपाध्यक्ष प्रभुनाथ चौहान, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर प्रतिभा मिश्रा एवं अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधिगण सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।