मठिला में नशे पर वार: हेरोइन संग धंधेबाज गिरफ्तार, एनडीपीएस मे जेल
कोरानसराय थाना क्षेत्र के मठिला गांव में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में आरोपी के पास से हेरोइन की दो पुड़िया बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से ही उसे दबोच लिया और थाने लाकर पूछताछ की।
केटी न्यूज/डुमरांव
कोरानसराय थाना क्षेत्र के मठिला गांव में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में आरोपी के पास से हेरोइन की दो पुड़िया बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से ही उसे दबोच लिया और थाने लाकर पूछताछ की।थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि मठिला गांव का जयप्रकाश नामक व्यक्ति हेरोइन जैसे मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त है।

सूचना की पुष्टि के बाद एक विशेष टीम गठित कर उसके ठिकाने पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान उसके पास से संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से कड़ी पूछताछ की गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह इस नेटवर्क में कब से सक्रिय था और इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं। इस कार्रवाई को इलाके में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है।

आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। साथ ही इस मामले में जुड़े अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है।स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे गांव और आसपास के क्षेत्रों में नशे के कारोबार पर लगाम लगेगी।

