ट्रक चालक से लूट के चार घंटे के भीतर तीन अपराधी गिरफ्तार, दो बाइक व तीन मोबाइल बरामद
नावानगर थाना क्षेत्र में ट्रक चालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के अंदर उद्भेदन करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल एवं तीन मोबाइल बरामद किए हैं।

केटी न्यूज/नावानगर
नावानगर थाना क्षेत्र में ट्रक चालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के अंदर उद्भेदन करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल एवं तीन मोबाइल बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को नावानगर के समीप छवछुआ मोड़ के पास चार अज्ञात मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने एक ट्रक चालक से नकद राशि एवं मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया।

टीम ने सूचना सत्यापन, तकनीकी अनुसंधान एवं आवश्यक छापेमारी के बाद घटना में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में नावानगर थाना क्षेत्र के छवछुआ निवासी अखिलेश पासवान का पुत्र मुकेश कुमार, वासुदेवा थाना क्षेत्र के अतिमी डेरा निवासी अशोक सिंह का पुत्र कृष्ण कुमार तथा सिकरौल थाना क्षेत्र के कुंजारा निवासी अशोक सिंह का पुत्र अभिषेक कुमार शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक कृष्ण कुमार के खिलाफ रोहतास जिले के दावथ थाना में वर्ष 2024 में भी मामला दर्ज है। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपितों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की तथा बताया कि वे जरूरतें पूरी करने के लिए लोगों से छिनैती करने के साथ मोटरसाइकिल चोरी का काम भी करते हैं।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल एवं तीन मोबाइल बरामद किए हैं। इस संबंध में नावानगर थाना कांड संख्या 86/26 दर्ज कर गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजने की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी टीम में डुमरांव, नावानगर, कोरानसराय व वासुदेवा थाना की पुलिस के साथ डीआईयू टीम शामिल थी।

