धर्म कांटा विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई नामजद प्राथमिकी
पटना–बक्सर एनएच-922 स्थित चौकियां गांव के समीप एक धर्म कांटा पर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिसके बाद दोनों ओर से एक-दूसरे के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
पटना–बक्सर एनएच-922 स्थित चौकियां गांव के समीप एक धर्म कांटा पर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिसके बाद दोनों ओर से एक-दूसरे के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।पहले पक्ष की ओर से दर्ज शिकायत में बताया गया है कि 17 मार्च की रात बालू लदा एक ट्रक वजन कराने धर्म कांटा पर पहुंचा था। वजन के दौरान ट्रक चालक द्वारा कथित रूप से वजन बढ़ाकर पर्ची निकालने का दबाव बनाया गया।

विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि ट्रक चालक व उसके सहयोगियों ने लाठी-डंडों से हमला कर धर्म कांटा संचालक के भाई श्रीनाथ प्रधान को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं, ट्रक चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले में रावल डेरा निवासी अजय यादव, उसके भाई समेत छह अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है।वहीं, दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को नकारते हुए पलटवार किया है।

ब्रह्मदेव यादव के अनुसार उनका पुत्र सब्जी बेचकर लौट रहा था, तभी भीड़ देखकर धर्म कांटा के पास पहुंचा, जहां पहले से मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। इस मामले में छोटका ढकाइच निवासी दया शंकर प्रधान, अनिल प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में तनाव को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

