स्कैनर की नजर से नहीं बची शराब तस्करों की चाल, जूट के बोरों में छिपी 20.5 लाख की खेप जब्त
बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताकर विदेशी शराब की बड़ी खेप खपाने की तस्करों की साजिश को उत्पाद विभाग ने नाकाम कर दिया। जूट के बोरों की आड़ में शराब की खेप को छिपाकर सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन स्कैनर की पैनी नजर के आगे तस्करों की पूरी चाल बेनकाब हो गई।

__ हरियाणा से भागलपुर भेजी जा रही थी विदेशी शराब, उत्पाद विभाग ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचा
केटी न्यूज/बक्सर
बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताकर विदेशी शराब की बड़ी खेप खपाने की तस्करों की साजिश को उत्पाद विभाग ने नाकाम कर दिया। जूट के बोरों की आड़ में शराब की खेप को छिपाकर सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन स्कैनर की पैनी नजर के आगे तस्करों की पूरी चाल बेनकाब हो गई। कार्रवाई के दौरान करीब 20.5 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई है, जबकि दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।मंगलवार की सुबह वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट के ऊपरी पुल पर चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम को एक डीसीएम ट्रक पर संदेह हुआ।

प्रभारी निरीक्षक मद्यनिषेध कुंदन कुमार के नेतृत्व में ट्रक को रोककर जांच की गई। शुरुआती जांच में वाहन में जूट के बोरे लदे दिखाई दिए, लेकिन स्कैनर मशीन से परीक्षण के दौरान बोरों के बीच संदिग्ध सामग्री नजर आई। इसके बाद जब ट्रक को पूरी तरह खंगाला गया तो बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि तस्करों ने शराब की पेटियों को जूट के बोरों के बीच इस तरह छिपाया था कि सामान्य जांच में किसी को संदेह न हो। हालांकि विभाग की तकनीकी जांच और सतर्कता के कारण उनकी यह तरकीब विफल हो गई।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने खुलासा किया कि शराब की खेप हरियाणा से लाई जा रही थी और उसे भागलपुर पहुंचाया जाना था।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि तस्कर लंबे रूट का इस्तेमाल कर पुलिस और जांच एजेंसियों की निगाह से बचने की कोशिश कर रहे थे।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के साधपुर थाना क्षेत्र के गिलोह गांव निवासी राहुल सिंह तथा हरियाणा के गुरुग्राम जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहोड़ा कला निवासी सचिन यादव के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।उत्पाद विभाग का कहना है कि शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए जिले के प्रवेश मार्गों और चेक पोस्टों पर निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

