विशेष छापेमारी अभियान में आधा दर्जन वारंटी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
अनुमंडल क्षेत्र में फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें करीब आधा दर्जन वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। यह अभियान एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विभिन्न थानाक्षेत्रों में एक साथ चलाया गया, जिससे पुलिस को उल्लेखनीय सफलता हाथ लगी।

केटी न्यूज/डुमरांव
अनुमंडल क्षेत्र में फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें करीब आधा दर्जन वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। यह अभियान एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विभिन्न थानाक्षेत्रों में एक साथ चलाया गया, जिससे पुलिस को उल्लेखनीय सफलता हाथ लगी।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए वारंटियों में नया भोजपुर थाना क्षेत्र से एक, कोरानसराय थाना क्षेत्र से तीन, वासुदेवा थाना से एक तथा बगेन गोला थाना क्षेत्र से एक आरोपी शामिल है।

ये सभी अलग-अलग आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे और इनके विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी था। पुलिस लगातार इनकी तलाश में जुटी थी।अभियान के दौरान पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक साथ कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। योजनाबद्ध तरीके से की गई इस कार्रवाई के कारण आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिल सका और उन्हें मौके से ही दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने फरार चल रहे अन्य वारंटियों और अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे जल्द से जल्द आत्मसमर्पण कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

