सहयोग पोर्टल के आवेदनों का पांच दिनों में करें निष्पादन : डीएम
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभा कक्ष में सहयोग पोर्टल एवं विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का अधिकतम पांच दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभा कक्ष में सहयोग पोर्टल एवं विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का अधिकतम पांच दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी लॉगिन आईडी पर प्राप्त होने वाले आवेदनों की प्रतिदिन निगरानी करें तथा समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई आवेदन संबंधित विभाग से जुड़ा नहीं है तो उसे प्राप्ति के दिन ही उचित विभाग को अग्रसारित किया जाए, ताकि आवेदक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग पोर्टल सरकार और आम जनता के बीच संवाद एवं समस्या समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी अधिकारी इसकी कार्यप्रणाली को गंभीरता से लें और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आवेदन निष्पादन में किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आने पर संबंधित अधिकारी जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी (डीआईओ) से संपर्क कर उसका त्वरित समाधान कराएं।

बैठक में आगामी सहयोग शिविरों के सफल आयोजन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों के आयोजन से पूर्व व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी मिल सके और वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर में पहुंच सकें।उन्होंने सभी बीडीओ को प्रखंड स्तर पर पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक आयोजित कर सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

