बिजली तारों के पास खड़ी फसलें बनीं खतरा, विभाग ने जारी की चेतावनी
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को देखते हुए बिजली विभाग ने किसानों के लिए सतर्कता एडवाइजरी जारी की है। नया भोजपुर प्रशाखा के कनीय विद्युत अभियंता जितेंद्र कुमार ने किसानों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि वे हाई वोल्टेज बिजली तारों और ट्रांसफार्मरों के आसपास खड़ी फसलों की जल्द कटाई सुनिश्चित करें, ताकि संभावित हादसों से बचा जा सके।
केटी न्यूज/डुमरांव
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को देखते हुए बिजली विभाग ने किसानों के लिए सतर्कता एडवाइजरी जारी की है। नया भोजपुर प्रशाखा के कनीय विद्युत अभियंता जितेंद्र कुमार ने किसानों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि वे हाई वोल्टेज बिजली तारों और ट्रांसफार्मरों के आसपास खड़ी फसलों की जल्द कटाई सुनिश्चित करें, ताकि संभावित हादसों से बचा जा सके।उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में जिले के विभिन्न हिस्सों में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में खेतों में खड़ी सूखी फसलें तेजी से आग पकड़ लेती हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

बिजली विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर दुरुस्ती कार्य करती है, लेकिन कई बार खेतों में लंबी और सूखी फसलें होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो जाता है।कनीय अभियंता ने यह भी बताया कि ग्रामीण इलाकों में अधिकतर खेत बिजली के खंभों और 11 हजार वोल्ट के तारों के आसपास होते हैं। तेज हवा, आंधी या तारों के ढीले होने की स्थिति में तार आपस में टकरा सकते हैं, जिससे स्पार्किंग होती है। यही चिंगारी सूखी फसलों में आग का कारण बनती है।उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे कटाई के दौरान प्राथमिकता उन हिस्सों को दें, जो बिजली तारों या ट्रांसफार्मरों के बिल्कुल पास हैं।

इससे जोखिम काफी हद तक कम किया जा सकता है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि खेतों के आसपास सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है, खासकर इस मौसम में जब फसलें पककर तैयार हैं।बिजली विभाग ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं तारों में ढीलापन, चिंगारी, धुआं या कोई तकनीकी गड़बड़ी दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत विभाग के स्थानीय कार्यालय या हेल्पलाइन नंबर पर दें। समय पर दी गई सूचना से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और किसानों की मेहनत की फसल सुरक्षित रह सकती है।

