डुमरांव की जनसमस्याओं को लेकर जदयू नेता रवि उज्ज्वल कुशवाहा ने सांसद संजय झा से की मुलाकात
डुमरांव क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जदयू के पूर्व विधानसभा प्रभारी रवि उज्ज्वल कुशवाहा ने दिल्ली पहुंचकर जदयू के राज्यसभा सांसद संजय झा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डुमरांव शहर और आसपास के इलाकों से जुड़ी लंबे समय से लंबित समस्याओं को विस्तार से रखते हुए उनके समाधान की मांग की।
__ बाईपास निर्माण, जर्जर सड़कों और जलापूर्ति की तकनीकी खामियों का मुद्दा उठाया, सांसद ने जल्द समाधान का दिया भरोसा
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जदयू के पूर्व विधानसभा प्रभारी रवि उज्ज्वल कुशवाहा ने दिल्ली पहुंचकर जदयू के राज्यसभा सांसद संजय झा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डुमरांव शहर और आसपास के इलाकों से जुड़ी लंबे समय से लंबित समस्याओं को विस्तार से रखते हुए उनके समाधान की मांग की।मुलाकात के दौरान रवि उज्ज्वल कुशवाहा ने विशेष रूप से डुमरांव बाईपास के निर्माण, शहर की मुख्य सड़कों की जर्जर स्थिति तथा पीएचईडी द्वारा संचालित जलापूर्ति व्यवस्था में व्याप्त तकनीकी खामियों की ओर सांसद का ध्यान आकृष्ट कराया।

उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के कारण स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के जीवन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने सांसद को बताया कि डुमरांव बाईपास का निर्माण लंबे समय से प्रस्तावित है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो पाई है। बाईपास नहीं बनने के कारण शहर के अंदर से भारी वाहनों का आवागमन जारी है, जिससे यातायात का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके चलते अक्सर शहर में जाम की स्थिति बन जाती है और आम लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ता है।इसके अलावा उन्होंने शहर की मुख्य सड़कों की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि डुमरांव की कई प्रमुख सड़कें काफी जर्जर हो चुकी हैं, जिन पर चलना लोगों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।

गड्ढों से भरी इन सड़कों के कारण वाहन चालकों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आए दिन परेशानी झेलनी पड़ रही है। बरसात के दिनों में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है।रवि उज्ज्वल कुशवाहा ने पीएचईडी की जलापूर्ति व्यवस्था में आ रही तकनीकी दिक्कतों का भी जिक्र करते हुए कहा कि शहर के कई वार्डों में लोगों को नियमित और पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। पाइपलाइन और अन्य तकनीकी खामियों के कारण जलापूर्ति बाधित हो रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने आग्रह किया कि इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।

सांसद संजय झा ने जदयू नेता की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि डुमरांव क्षेत्र से जुड़े इन जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं से जुड़े मामलों को लेकर वे लगातार प्रयासरत हैं।सांसद ने भरोसा दिलाया कि डुमरांव की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

