बैंक बकायेदारों पर कसा शिकंजा: धवछुआ, पांडेयपुर और रेंका में संयुक्त छापेमारी से मचा हड़कंप
बकाया ऋण की वसूली को लेकर बिहार ग्रामीण बैंक ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। इसी कड़ी में आथर शाखा के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों में गिरफ्तारी वारंट के आधार पर बैंक और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के बड़े बकायेदारों में हड़कंप मच गया है और कई ऋणी भूमिगत हो गए हैं।
__ नावानगर में वसूली अभियान तेज, वारंट के आधार पर बैंक-पुलिस की सख्त कार्रवाई
केटी न्यूज/नावानगर
बकाया ऋण की वसूली को लेकर बिहार ग्रामीण बैंक ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। इसी कड़ी में आथर शाखा के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों में गिरफ्तारी वारंट के आधार पर बैंक और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के बड़े बकायेदारों में हड़कंप मच गया है और कई ऋणी भूमिगत हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, नीलाम पत्र पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी (नावानगर) द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट के आलोक में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। बैंक प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि डूबे हुए कर्ज की वसूली के लिए अब कानूनी प्रक्रिया को पूरी सख्ती के साथ लागू किया जाएगा।

__ इन बकायेदारों के ठिकानों पर दी गई दबिश
संयुक्त टीम ने ग्राम धवछुआ निवासी गौतम कुमार सिंह, ग्राम पांडेयपुर के विजय शंकर पांडे एवं विश्वामित्र पांडेय, तथा ग्राम रेंका के राघवेंद्र उपाध्याय और विकास उपाध्याय के आवास पर पहुंचकर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। हालांकि, छापेमारी के दौरान सभी संबंधित ऋणी अपने घरों से फरार मिले, जिसके कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।अधिकारियों का कहना है कि इन सभी के विरुद्ध पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन लगातार अनदेखी किए जाने के बाद अब यह कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

__ बैंक और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
इस विशेष वसूली अभियान में बैंक और पुलिस प्रशासन ने मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। बैंक टीम में आथर शाखा के प्रबंधक बीरबहादुर सिंह, बैंक अधिकारी सुमन राज, आकाश कुमार एवं सर्टिफिकेट ऑफिसर आनंद घनश्याम शामिल रहे। वहीं पुलिस टीम का नेतृत्व सिकरौल थाना के सहायक थानाध्यक्ष कृष्ण प्रसाद यादव ने किया।टीम ने संभावित ठिकानों पर भी छानबीन की और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई, ताकि बकायेदारों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

भुगतान नहीं किया तो होगी कुर्की-जब्ती
शाखा प्रबंधक बीरबहादुर सिंह ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जिन ऋणियों ने बार-बार सूचना के बावजूद बैंक का कर्ज जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ अब और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।उन्होंने अन्य सभी बकायेदारों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं बैंक से संपर्क कर अपने ऋण खातों का निपटारा कर लें, अन्यथा उन्हें कानूनी कार्रवाई के साथ सामाजिक बदनामी का भी सामना करना पड़ सकता है।बैंक प्रशासन ने संकेत दिया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बकाया वसूली के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

