खैरापट्टी में मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, ईंट-पत्थर की चोट से वृद्ध की मौत

सिमरी थाना क्षेत्र के खैरापट्टी गांव में छत से थूकने और गोबर फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार की शाम खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान ईंट-पत्थर चलने से 60 वर्षीय श्रीराम रजक गंभीर रूप से घायल हो गए।

खैरापट्टी में मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, ईंट-पत्थर की चोट से वृद्ध की मौत

__ सुबह की कहासुनी के बाद शाम में भिड़े दो पक्ष, 60 वर्षीय श्रीराम रजक की इलाज के दौरान मौत; पुलिस ने छह आरोपितों को किया गिरफ्तार

केटी न्यूज/सिमरी।

सिमरी थाना क्षेत्र के खैरापट्टी गांव में छत से थूकने और गोबर फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार की शाम खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान ईंट-पत्थर चलने से 60 वर्षीय श्रीराम रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिमरी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह छत से थूकने और गोबर फेंकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन विवाद की तल्खी बनी रही। शाम करीब सात बजे इसी बात को लेकर एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई।इसी दौरान ईंट-पत्थर चलने लगे। आरोप है कि श्रीराम रजक को भी ईंट-पत्थर से चोट लगी, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल सिमरी सीएचसी पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी घटना को लेकर तनाव व्याप्त हो गया।घटना की सूचना मिलते ही सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी। प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बक्सर भेज दिया।पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार की सुबह छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। विवाद की शुरुआत, मारपीट में शामिल लोगों और घटना के दौरान हुई गतिविधियों को लेकर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है।घटना के बाद खैरापट्टी गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं, वृद्ध की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों में भी मामूली विवाद के इस तरह हिंसक रूप लेने को लेकर चिंता है।