490 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ अंतरजिला गिरोह के पांच तस्कर गिरफ्तार, नया भोजपुर पुलिस की दूसरी बड़ी कामयाबी
बक्सर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 490 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ अंतरजिला गिरोह के पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

__ डुमरांव एएसपी पोलस्त कुमार बोले— तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की हो रही जांच, पूरे नेटवर्क पर होगी कार्रवाई; लगातार दूसरी बड़ी बरामदगी से मादक पदार्थ तस्करों में मचा हड़कंप
केटी न्यूज/डुमरांव
बक्सर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 490 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ अंतरजिला गिरोह के पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। डुमरांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एएसपी) पोलस्त कुमार ने नया भोजपुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरी कार्रवाई का खुलासा करते हुए कहा कि गिरफ्तार तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।एएसपी ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि नया भोजपुर थाना क्षेत्र के गोपाल डेरा पोखरा के समीप कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित छापेमारी कर पांच तस्करों को 490 ग्राम ब्राउन शुगर, एक कार और पांच मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में नया भोजपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार तस्करों में कोरान सराय थाना क्षेत्र के मुगांव गांव निवासी सोनू सिंह पिता अजित सिंह, नाजीरगंज गांव निवासी समीर शेख पिता मुजीब शेख, नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चिलहरी गांव निवासी सूर्यकांत पाण्डेय पिता प्रमोद पांडेय, भोजपुर जिला के बबुरा थाना क्षेत्र के फुहा गांव निवासी मंजय कुमार पासवान पिता लुटावन पासवान तथा पूर्वी चंपारण जिला के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी कुमार गौरव पिता शिवलाल राम शामिल हैं।

तस्करों के बक्सर, भोजपुर और पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले तस्कर शामिल हैं, जिससे स्पष्ट है कि यह अंतरजिला स्तर पर सक्रिय संगठित गिरोह है। पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति पर काम कर रही है।यह नया भोजपुर पुलिस की मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार दूसरी बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे पहले थाना पुलिस ने असम के कुख्यात तस्कर प्रेमा पंडित को 480 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था। बाद में उसकी निशानदेही पर सिमरी थाना क्षेत्र के दूधी पट्टी से एक और तस्कर को दबोचा गया था। अब दूसरी बड़ी बरामदगी ने जिले में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के बीच हड़कंप मचा दिया है।एएसपी पोलस्त कुमार ने कहा कि ब्राउन शुगर की तस्करी करने वालों के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया और किन-किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि "मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ बक्सर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।"लगातार हो रही इन बड़ी कार्रवाइयों से साफ है कि बक्सर पुलिस अब नशे के कारोबार की जड़ों तक पहुंचकर पूरे सिंडिकेट को खत्म करने की दिशा में निर्णायक अभियान चला रही है।तस्करों को गिरफ्तार करने वाली टीम में एएसपी पोलस्त कुमार के अलावा, डुमरांव के सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, बक्सर डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, नया भोजपुर थाने के पुलिस अवर निरीक्षक सुमन कुमार, डीआईयू बक्सर, डुमरांव तथा नया भोजपुर थाने के सशस्त्र बल शामिल थे।

