कायाकल्प अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता और समयसीमा पर डीएम सख्त
कायाकल्प अभियान के तहत चल रहे कार्यों में अब लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता नहीं चलेगा। योजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप धरातल पर उतारने और तय समयसीमा में लक्ष्य हासिल करने को लेकर जिलाधिकारी साहिला ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

__ सबसे पहले चिह्नित कार्यों को पूरा करने का निर्देश, निरीक्षण से खुलेगी कामकाज की पोल; कमियां दूर करने और जवाबदेही तय करने पर जोर
केटी न्यूज/बक्सर।
कायाकल्प अभियान के तहत चल रहे कार्यों में अब लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता नहीं चलेगा। योजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप धरातल पर उतारने और तय समयसीमा में लक्ष्य हासिल करने को लेकर जिलाधिकारी साहिला ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अभियान की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कायाकल्प अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए केवल कागजी प्रगति पर्याप्त नहीं है, बल्कि कार्यों का वास्तविक क्रियान्वयन भी सुनिश्चित करना होगा। इसके लिए चिह्नित कार्यों की नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के तहत संचालित कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को अपने स्तर से कार्यों की लगातार समीक्षा करते रहने की जरूरत है।प्रशासन का जोर है कि कायाकल्प अभियान के तहत तय उद्देश्यों को कागजों से निकालकर जमीन पर उतारा जाए। अब निगरानी, निरीक्षण और समयसीमा के पालन के जरिए कार्यों की वास्तविक प्रगति सुनिश्चित करने की चुनौती संबंधित पदाधिकारियों के सामने है।


