मोटर बदलते ही लौटी जलापूर्ति, पुराना भोजपुर के 150 परिवारों को मिली राहत
नगर परिषद क्षेत्र के पुराना भोजपुर वार्ड संख्या-3 में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे करीब 150 परिवारों को आखिरकार राहत मिल गई। गोरिया बाबा स्थान के समीप संचालित जल-नल योजना में तकनीकी खराबी दूर होने के बाद मंगलवार को जलापूर्ति फिर से शुरू कर दी गई।

डुमरांव, केटी न्यूज।
नगर परिषद क्षेत्र के पुराना भोजपुर वार्ड संख्या-3 में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे करीब 150 परिवारों को आखिरकार राहत मिल गई। गोरिया बाबा स्थान के समीप संचालित जल-नल योजना में तकनीकी खराबी दूर होने के बाद मंगलवार को जलापूर्ति फिर से शुरू कर दी गई। मोटर जल जाने के कारण इलाके में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप थी, जिससे लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई परिवार वैकल्पिक स्रोतों से पानी जुटाने को मजबूर थे।समस्या की जानकारी मिलने पर नगर परिषद ने त्वरित पहल करते हुए खराब मोटर को हटाकर नया मोटर स्थापित कराया।

इसके साथ ही खराब स्टार्टर की जगह नया स्टार्टर भी लगाया गया, जिसके बाद जलापूर्ति व्यवस्था सामान्य हो गई।पानी की आपूर्ति बहाल होने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।लोक स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि तकनीकी खराबी को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए खराब पड़े स्टेबलाइजर को भी जल्द बदल दिया जाएगा। उनका कहना है कि अब जल-नल योजना की नियमित निगरानी नगर परिषद स्वयं कर रही है, जिससे किसी भी तकनीकी गड़बड़ी का समय रहते समाधान किया जा सके।

जलापूर्ति शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। नागरिकों ने कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे, लोक स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन तथा नगर परिषद की पूरी टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनसमस्याओं के समाधान के लिए इसी तरह तत्परता दिखाई जाएगी। नगर परिषद का कहना है कि शहर में पेयजल व्यवस्था को बेहतर और निर्बाध बनाए रखने के लिए आवश्यक तकनीकी सुधार लगातार किए जा रहे हैं।

