"उतरसेरथू पंचायत की मुखिया सरोज देवी को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2024 के लिए चयनित"
जहानाबाद: स्थानीय प्रखण्ड के उतरसेरथू पंचायत की मुखिया सरोज देवी को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2024 के लिए चयनित किया गया है। उन्हें पंचायत में बेहतर कार्यों के लिए 11 दिसंबर को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कृत किया जाएगा।

केटी न्यूज़ / जहानाबाद
जहानाबाद: स्थानीय प्रखण्ड के उतरसेरथू पंचायत की मुखिया सरोज देवी को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2024 के लिए चयनित किया गया है। उन्हें पंचायत में बेहतर कार्यों के लिए 11 दिसंबर को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कृत किया जाएगा। परियोजना निदेशक आनंद शर्मा ने मुखिया सरोज देवी को आमंत्रित करते हुए पत्र जारी किया है, जिसमें उन्हें 9 दिसंबर को पटना जंक्शन पहुंचने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद वे अपनी टीम के साथ दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
मुखिया सरोज देवी के पुरस्कृत होने की खबर से पंचायतवासियों में खुशी का माहौल है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार के सात निश्चय योजना, आवास योजना और मनरेगा के तहत पंचायत में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। सात निश्चय योजना के अंतर्गत गली-नली योजनाओं को पेवर ब्लॉक से निर्मित किया गया है और सभी योजनाओं को सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुरूप लागू किया गया है। इसके अतिरिक्त, मनरेगा योजना से पशु शेड, बकरी शेड और पोखरों का पुनर्निर्माण भी किया गया है।
मुखिया सरोज देवी ने कहा कि पंचायत में शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए विद्यालय प्रबंध समिति के साथ लगातार बैठकें आयोजित की गईं और वे सक्रिय रूप से इस कार्य में शामिल रही हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी उक्त पंचायत को दिल्ली द्वारा पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, उस समय मुखिया के पद पर सरोज देवी के पति रंजय कुमार सिंह उर्फ सप्पू सिंह 15 वर्षों तक कार्यरत थे। इस उपलब्धि पर प्रखण्ड और जिला के ग्रामीणों एवं बुद्धिजीवियों द्वारा मुखिया सरोज देवी को लगातार बधाई दी जा रही है।