नगर परिषद अध्यक्ष के पति ने कार्यपालक पदाधिकारी की पिटाई की

जहानाबाद में नगर परिषद कार्यालय के बाहर एक विवादित घटना सामने आई है, जिसमें नगर परिषद अध्यक्ष रूपा देवी के पति अशोक पासवान उर्फ टीटी ने कार्यपालक पदाधिकारी की पिटाई कर दी

नगर परिषद अध्यक्ष के पति ने कार्यपालक पदाधिकारी की पिटाई की

केटी न्यूज़/जहानाबाद

जहानाबाद में नगर परिषद कार्यालय के बाहर एक विवादित घटना सामने आई है, जिसमें नगर परिषद अध्यक्ष रूपा देवी के पति अशोक पासवान उर्फ टीटी ने कार्यपालक पदाधिकारी की पिटाई कर दी। इस हमले के बाद कार्यपालक पदाधिकारी दीनानाथ सिंह ने दौड़ते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पास जाकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी से मिलने के बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के अनुसार, कार्यपालक पदाधिकारी अपने चैंबर से निकलकर जब गाड़ी पर बैठने लगे, तभी उनकी अशोक पासवान उर्फ टीटी के साथ नोकझोंक शुरू हो गई। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि अशोक पासवान ने भीड़ के सामने उन्हें गालियाँ देते हुए अचानक हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि इस हमले के पीछे के कारणों को लेकर वह हैरान हैं, क्योंकि उनका पिछले तीन महीनों से ट्रांसफर जहानाबाद में हुआ है और पिछले दो सप्ताह से उनकी अध्यक्ष रूपा देवी से कोई मुलाकात भी नहीं हुई थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका किसी तरह का विवाद नहीं था और इस हमले से वह पूरी तरह से दहशत में हैं।

इस मामले पर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने पुष्टि की कि कार्यपालक पदाधिकारी के साथ मारपीट की घटना हुई है। उन्होंने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी ने थाना पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। एसडीपीओ ने कहा कि इस तरह की घटनाओं में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह पहली बार नहीं है जब जहानाबाद नगर परिषद विवादों में रही है। इससे पहले भी कार्यपालक पदाधिकारी और अध्यक्ष के बीच विवाद बढ़कर एफआईआर दर्ज कराने तक पहुंच चुका है, और अब यह मामला पिटाई तक पहुँच गया है।