रेल पुलिस के संयुक्त अभियान में सात तस्कर गिरफ्तार
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए रास्तों से शराब की खेप पहुंचाने की कोशिशों में जुटे हैं। इसी कड़ी में बक्सर रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के रेल क्षेत्र को शराब तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जाने की सूचना पर रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

केटी न्यूज/बक्सर
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए रास्तों से शराब की खेप पहुंचाने की कोशिशों में जुटे हैं। इसी कड़ी में बक्सर रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के रेल क्षेत्र को शराब तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जाने की सूचना पर रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान विभिन्न ब्रांड की शराब भी बरामद की गई।रेल डीएसपी कंचन राज के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और संदिग्ध यात्रियों की विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई लोगों के बैग से शराब बरामद हुई, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी उत्तर प्रदेश से शराब लेकर ट्रेन के माध्यम से बिहार पहुंचे थे और अलग-अलग स्थानों पर इसकी आपूर्ति करने की तैयारी में थे। बरामद शराब को जब्त कर सभी आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार आरोपितों में पटना और दानापुर क्षेत्र के कई युवक शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि कुछ आरोपी पहले भी शराब तस्करी से जुड़े मामलों में संलिप्त रहे हो सकते हैं। इसे लेकर पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

रेल डीएसपी कंचन राज ने बताया कि शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा तस्करी के पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उस पर प्रभावी प्रहार किया जाएगा।पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने अभियान की सराहना की है।

