बीपीएस हाई सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना फाग महोत्सव, सजी विज्ञान व आर्ट प्रदर्शनी
बीपीएस हाई सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, नावानगर में फाग महोत्सव का भव्य आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा देखते ही बन रही थी। फाग महोत्सव के साथ-साथ विज्ञान एवं आर्ट प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों की रचनात्मकता और प्रतिभा खुलकर सामने आई। महोत्सव का उद्घाटन समाजसेवी विश्वनाथ सिंह एवं राजद नेता सतेन्द्र यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया।

केटी न्यूज/नावानगर
बीपीएस हाई सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, नावानगर में फाग महोत्सव का भव्य आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा देखते ही बन रही थी। फाग महोत्सव के साथ-साथ विज्ञान एवं आर्ट प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों की रचनात्मकता और प्रतिभा खुलकर सामने आई। महोत्सव का उद्घाटन समाजसेवी विश्वनाथ सिंह एवं राजद नेता सतेन्द्र यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के उपरांत विद्यालय परिवार की ओर से सभी आगंतुकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश स्तुति से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद छात्रों ने “आज बृज में होली खेले रघुवीरा”, “बरसों थे मेघा”, “जहां-जहां राधा वहां जाएंगे मुरारी”, “ताल से ताल मिला” सहित अन्य गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने फागुन के उत्सव को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व विधायक संजय तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने छात्रों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इधर विज्ञान एवं आर्ट प्रदर्शनी में छात्रों ने एक से बढ़कर एक प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। विज्ञान मॉडल और कलात्मक कृतियों ने अभिभावकों और अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। महोत्सव की अध्यक्षता विद्यालय के डायरेक्टर ई. दीपक कुमार ने की। मौके पर प्रखंड प्रमुख अंकित कुमार, नवोदय विद्यालय के प्राचार्य, विद्यालय के सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में अभिभावकगण उपस्थित रहे।

