श्रद्धा, उल्लास और सुरक्षा के बीच डुमरांववासियों ने किया नववर्ष 2026 का स्वागत
नववर्ष 2026 का स्वागत गुरुवार को लोगों ने जोरदार तरीके से किया। हर कोई इसकी तैयारी में था। लोगों ने मंदिरों में शीश नवाए और नये वर्ष में बेहतरीन के लिए दुआएं मांगी। पिकनिक का दौर भी चला। हालांकि ठंड का भी असर देखा गया। नववर्ष के जश्न को लेकर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के सभी पिकनिक स्पॉट गुलजार रहे। मंदिरों में माथा टेकने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ पूरे दिन उमड़ी रही।
केटी न्यूज/डुमरांव
नववर्ष 2026 का स्वागत गुरुवार को लोगों ने जोरदार तरीके से किया। हर कोई इसकी तैयारी में था। लोगों ने मंदिरों में शीश नवाए और नये वर्ष में बेहतरीन के लिए दुआएं मांगी। पिकनिक का दौर भी चला। हालांकि ठंड का भी असर देखा गया। नववर्ष के जश्न को लेकर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के सभी पिकनिक स्पॉट गुलजार रहे। मंदिरों में माथा टेकने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ पूरे दिन उमड़ी रही। लोगों ने मंदिरों में माथा टेक नये साल की शुरुआत की। स्थानीय शहर के बाबा जंगलीनाथ महादेव मंदिर, मां डुमरेजनी मंदिर, मां काली मंदिर, राजगढ़ आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं ने देर शाम तक पूजा-अर्चना की।

इसके बाद श्रद्धालुओं ने गोलगप्पे, चाट, मोमोज, चाउमीन, बर्गर सहित रेस्टोरेंट पर लजीज पकवानों का जमकर लुफ्त उठाया। सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहे। नये साल में हुड़दंगियों व शराबियों पर पुलिस की पैनी नजर रही। शहर के जगह-जगह वाहनों की चेकिंग हुई। होटल व रेस्टोरेंट पर पुलिस की कड़ी निगाह रही। पुलिस की सतर्कता के चलते देर शाम तक शहर में व्यवस्थित तरीके से ही लोगों ने नये साल का जश्न मनाया। कई पिकनिक स्पॉटों पर लोग खानपान की सामग्री लेकर पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने भी आने-जाने वालों पर नजर बनाकर रखी, जिससे वाहन चालक व्यवस्थित रहे।

पुलिस की तैनाती के चलते शरारती तत्वों में खौफ रहा, जिसके कारण शहर में नववर्ष की पूर्व संध्या या नववर्ष पर लोगों ने हुड़दंग नहीं किया। एसडीओ राकेश कुमार व एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि सभी पिकनिक स्पॉटों पर महिला व पुरुष पुलिस के जवानों की तैनाती की गयी थी ताकि शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रह सके। इसके साथ विभिन्न सड़को पर पुलिस की गश्ती वाहन दौड़ती रही। कई जगहों पर पुलिस ने शराब के खिलाफ अभियान भी चलाया।

इस दौरान जंगलीनाथ महादेव मंदिर में आयोजकों द्वारा महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन समिति के रमेश कुमार रौनियार, संतोष केशरी, आचार्य विंध्याचल ओझा, डॉ. सुभाष चंद्रशेखर, राजकुमार शर्मा, राजू गुप्ता, दीपक कुमार आदि सदस्यों ने बाबा जंगलीनाथ महादेव में दर्शन-पूजन करने आए राजपरिवार के शिवांग विजय सिंह व एसडीओ को अंग वस्त्र से सम्मानित किया।
