लापरवाही बनी आफत: बीड़ी की चिंगारी से खेतों में लगी आग, फसल खाक
स्थानीय थाना क्षेत्र के चौकियां और दियां गांव के बीच स्थित बधार में मंगलवार की दोपहर अचानक आग लगने से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। आग की चपेट में आकर लगभग 10 कट्ठा में लगी गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई, वहीं करीब तीन बीघा खेत में मौजूद गेहूं की डंठल भी पूरी तरह नष्ट हो गई।
__ ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा नुकसान, गेहूं की खड़ी फसल जलकर नष्ट
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
स्थानीय थाना क्षेत्र के चौकियां और दियां गांव के बीच स्थित बधार में मंगलवार की दोपहर अचानक आग लगने से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। आग की चपेट में आकर लगभग 10 कट्ठा में लगी गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई, वहीं करीब तीन बीघा खेत में मौजूद गेहूं की डंठल भी पूरी तरह नष्ट हो गई।घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बधार में एक किसान रेपर मशीन से भूसा तैयार कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति द्वारा बीड़ी पीकर लापरवाही से फेंक दी गई। बीड़ी की चिंगारी सूखी डंठल पर गिरते ही आग भड़क उठी और देखते ही देखते तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि पास के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में फसल और डंठल धू-धू कर जलने लगे। मौके पर मौजूद किसानों और ग्रामीणों ने तत्काल एकजुट होकर पानी और मिट्टी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था। इस घटना ने एक बार फिर खेतों में काम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है।

