राजपुर में गैस आपूर्ति ठप: एजेंसियों की मनमानी से उपभोक्ता बेहाल
प्रखंड क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। हालात यह हैं कि समय पर बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को एक सप्ताह से अधिक इंतजार करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों की लापरवाही और मनमानी के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि जिला प्रशासन की चेतावनियां भी बेअसर साबित हो रही हैं।

__ बुकिंग के बावजूद हफ्तों इंतजार, सुबह से कतार में लगने को मजबूर ग्रामीण; प्रशासन की चेतावनी बेअसर
केटी न्यूज/राजपुर
प्रखंड क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। हालात यह हैं कि समय पर बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को एक सप्ताह से अधिक इंतजार करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों की लापरवाही और मनमानी के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि जिला प्रशासन की चेतावनियां भी बेअसर साबित हो रही हैं।मंगलवार को राजपुर में गैस एजेंसी के बाहर जो दृश्य दिखा, वह व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी था। सुबह होते ही विभिन्न गांवों से पहुंचे दर्जनों लोग अपने खाली सिलेंडर के साथ कतार में खड़े नजर आए।

भरखरा, हरपुर और हुड़रही समेत कई गांवों से आए उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने आठ दिन पहले ही गैस बुक कराई थी, लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हो सकी है।ग्रामीणों का कहना है कि एजेंसी की गाड़ी समय पर गांवों तक नहीं पहुंचती, जिससे उन्हें खुद सिलेंडर लेकर एजेंसी तक आना पड़ता है। इससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है। सबसे गंभीर बात यह है कि घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद कई बार “गैस खत्म” होने का हवाला देकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता है।उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मी मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं और वितरण में पारदर्शिता की कमी है।

वहीं, जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा नियमित जांच नहीं होने से स्थिति और बिगड़ती जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रह जाने से एजेंसियों के हौसले बुलंद हैं।इस अव्यवस्था से परेशान ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल, सवाल यह है कि आखिर कब तक उपभोक्ताओं को अपनी ही बुक की गई गैस के लिए यूं ही भटकना पड़ेगा।

