भीषण गर्मी पर प्रशासन सख्त: बक्सर में दोपहर 12 बजे के बाद आठवीं तक कक्षाएं बंद

जिले में लगातार बढ़ते तापमान, भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत बक्सर जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में दोपहर 12 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। यह आदेश 21 से लागू होकर 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा।

भीषण गर्मी पर प्रशासन सख्त: बक्सर में दोपहर 12 बजे के बाद आठवीं तक कक्षाएं बंद

केटी न्यूज/बक्सर

जिले में लगातार बढ़ते तापमान, भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत बक्सर जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में दोपहर 12 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। यह आदेश 21 से लागू होकर 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा।जारी आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध आठवीं कक्षा तक के सभी विद्यार्थियों पर लागू होगा। इसमें प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ कोचिंग संस्थानों को भी शामिल किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोपहर के समय तेज धूप और लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है, इसलिए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है।विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश के अनुरूप अपनी शैक्षणिक गतिविधियों का समय पुनर्निर्धारित करें, ताकि पढ़ाई बाधित न हो और बच्चों को भीषण गर्मी से बचाया जा सके। सुबह के समय कक्षाएं संचालित करने या वैकल्पिक समय तय करने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालयों पर छोड़ी गई है।

इधर प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों ने राहत महसूस की है। अभिभावकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से दोपहर में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बच्चों को स्कूल भेजना चिंता का विषय बन गया था। ऐसे में जिला प्रशासन का यह कदम बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से सराहनीय है।मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को दोपहर में घरों से कम निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।