मोथा विद्यालय से चोरी के वर्तन के साथ दो चोर गिरफ्तार

काराकाट (रोहतास): काराकाट थाना पुलिस ने मोथा कन्या मध्य विद्यालय में हाल ही में हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है

केटी न्यूज/ काराकाट (रोहतास)

काराकाट (रोहतास): काराकाट थाना पुलिस ने मोथा कन्या मध्य विद्यालय में हाल ही में हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जो मोथा गांव के निवासी हैं। पिछले कुछ महीनों में स्कूल में कुल 11 बार चोरी की घटनाएँ हुई थीं। पुलिस ने तीन दिन पहले की गई चोरी में चुराए गए बर्तन और अन्य सामान को बरामद कर लिया है।

थानाध्यक्ष फूलदेव चौधरी ने बताया कि तीन दिन पहले मोथा कन्या मध्य विद्यालय के रसोईघर की दरवाजा तोड़कर बर्तन और अन्य सामान चुरा लिया गया था। स्कूल के प्रधानाध्यापक नौशाद खान द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। थानाध्यक्ष फूलदेव चौधरी, एसआई रोहित कुमार, एसआई संजय ठाकुर, सिपाही मुकेश कुमार और लव किशोर कुमार की टीम ने चोरी की गई सभी वस्तुएं बरामद की और दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपित मोथा गांव के उपेन्द्र पासवान के 17 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार और महेन्द्र पासवान के 16 वर्षीय पुत्र पियूष कुमार हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी के सामान को बेचने के आरोप में मिश्रवालिया गांव के महाकाल डीजे के मालिक कृष्णा कुमार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

प्रधानाध्यापक नौशाद खान और स्कूल की सचिव उर्मिला देवी ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान भी चंदन कुमार को स्कूल से चावल चोरी करते हुए पकड़ा गया था। उस समय गांव के लोगों ने पंचायत बुलाकर उसे समझा-बुझाकर छोड़ दिया था। इसके बाद से स्कूल में कुल 11 बार चोरी की घटनाएँ सामने आईं।