डीएम साहिला ने बक्सर नगर परिषद क्षेत्र की योजनाओं का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण कार्य और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
जिलाधिकारी साहिला द्वारा नगर परिषद बक्सर अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं एवं प्रगति यात्रा में घोषित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।
-- अटल कला भवन, स्टेडियम, सड़क चौड़ीकरण और गोलंबर सौंदर्यीकरण को लेकर दिए गए सख्त निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर।
जिलाधिकारी साहिला द्वारा नगर परिषद बक्सर अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं एवं प्रगति यात्रा में घोषित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।निरीक्षण के क्रम में आईटीआई मैदान में निर्माणाधीन 620 सीट क्षमता वाले अटल कला भवन का जायजा लिया गया।

कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग ने बताया कि कला, संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार, पटना द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसे दिसंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित कराने एवं योजना से संबंधित डिस्प्ले बोर्ड लगाने का निर्देश दिया।आईटीआई मैदान में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण को लेकर जानकारी देते हुए भवन निर्माण निगम के अभियंता ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। कनीय अभियंता ने बताया कि स्टेडियम का प्रस्तावित नक्शा विभाग स्तर पर संशोधित किया गया है, जिसे प्राप्त होते ही एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

पथ चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा के दौरान कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल ने बताया कि कुल 4.20 किलोमीटर लंबाई में सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। नाला पर चेकर टाइल्स, पेवर ब्लॉक, फुटपाथ निर्माण एवं बिटुमिनस कार्य शेष है। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिया कि सड़क निर्माण गुणवत्तापूर्ण हो तथा सड़क के लेवल के अनुरूप नालों का निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षा जल की निकासी सुचारू रूप से हो और जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो।निरीक्षण के दौरान नगर परिषद को निर्देश दिया गया कि आईटीआई मैदान के आसपास अवैध एवं अस्थायी अतिक्रमण को नियमानुसार एक सप्ताह के भीतर हटाया जाए। साथ ही सड़कों, पेड़ों और होर्डिंग पर जमी धूल की नियमित सफाई एवं मैदान के आसपास स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया।

गोलंबर के पास खाली भूमि पर वेडिंग जोन निर्माण एवं चिन्हित स्थलों पर नो पार्किंग बैनर लगाने का भी निर्देश दिया गया।जिलाधिकारी ने बक्सर गोलंबर के आसपास अवैध अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम पर नाराजगी जताते हुए क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने एवं गोलंबर पार्क को और अधिक आकर्षक बनाने हेतु समन्वय के साथ कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया। वहीं, वरुणा बक्सर रेलवे फ्लाईओवर को लेकर बताया गया कि बस स्टैंड के समीप प्रस्तावित गोलंबर निर्माण से भविष्य में बढ़ने वाले यातायात को नियंत्रित करने में सुविधा होगी।
