बकरीद और गंगा दशहरा पर प्रशासन अलर्ट
ईद-उल-जोहा (बकरीद) और गंगा दशहरा पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा शांति समिति के सदस्यों ने पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत मंथन किया।


__ शांति समिति की बैठक में डीएम-एसपी का सख्त संदेश, सोशल मीडिया से लेकर बिजली तारों तक पर रहेगी पैनी नजर
केटी न्यूज/बक्सर
ईद-उल-जोहा (बकरीद) और गंगा दशहरा पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा शांति समिति के सदस्यों ने पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत मंथन किया।बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने बकरीद पर्व को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे, जिस पर जिला प्रशासन ने गंभीरता से चर्चा की। जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।

उन्होंने आम लोगों से भी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।प्रशासन ने बिजली विभाग को भी सख्त निर्देश जारी किए। कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल बक्सर को आदेश दिया गया कि बक्सर और डुमरांव अनुमंडल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर पर्व से जुड़े सभी रूटों की सूची तत्काल प्राप्त करें और उन मार्गों पर लटके एवं ढीले बिजली तारों की मरम्मत हर हाल में सुनिश्चित करें। प्रशासन का मानना है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में बिजली संबंधी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।नगर परिषद बक्सर और डुमरांव के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पर्व से पहले सभी प्रमुख मार्गों की विशेष साफ-सफाई कराई जाए।

साथ ही चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कर स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।बैठक में कानून-व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं सभी बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूर्व निर्धारित शांति समिति की बैठक हर हाल में कराने को कहा गया।पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सभी थानाध्यक्षों को बाइक गश्ती बढ़ाने और पर्व के दौरान संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि सभी मस्जिदों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल और पेट्रोलिंग पार्टी की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।गंगा दशहरा को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पहले से ट्रैफिक प्लान तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया। साथ ही बढ़ती गर्मी और हीट वेव को देखते हुए लोगों से स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और पर्वों को हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की गई।

