नीट यूजी पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 1355 अभ्यर्थियों के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम
नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

__ डीएम-एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग, परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू, फोटोस्टेट दुकानें रहेंगी बंद
केटी न्यूज/बक्सर
नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिले में पुनर्परीक्षा के लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 1355 अभ्यर्थी शामिल होंगे।प्रशासन के अनुसार अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू होगा और दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति रहेगी। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, ईयरफोन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

वैध प्रवेश पत्र और सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश मिलेगा।कदाचार रोकने के लिए प्रत्येक 100 परीक्षार्थियों पर एक स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा महिला-पुरुष पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा केंद्रों पर वीक्षकों की तैनाती भी दंडाधिकारियों की मौजूदगी में रैंडम तरीके से की जाएगी। प्रशासन ने होटल, लॉज और अन्य ठहराव स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है, ताकि किसी प्रकार की इम्परसोनेशन या संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके।परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, बिजली आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने तथा प्रत्येक केंद्र पर अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए व्हीलचेयर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अस्थायी हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। साथ ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और वापस लाने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की जाएगी। गर्मी को देखते हुए पेयजल की भी पर्याप्त व्यवस्था रहेगी।प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू करने तथा परीक्षा समाप्ति तक आसपास की फोटोस्टेट दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया है। सोशल मीडिया पर भी साइबर टीम की विशेष निगरानी रहेगी। जिला नियंत्रण कक्ष (06183-223333) को भी सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

