मठिला के वार्ड 11 की बदहाली पर भड़के अगस्त उपाध्याय, बोले—विकास नहीं तो आंदोलन तय
जिले के मठिला गांव स्थित वार्ड संख्या 11 में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर अब वार्ड सदस्य सह जिला दिव्यांग संघ के जिलाध्यक्ष अगस्त उपाध्याय खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी गति और योजनाओं में कथित अनियमितता पर गंभीर सवाल उठाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
__ नाली-सड़क के अभाव पर वार्ड सदस्य ने खोला मोर्चा, पारदर्शिता पर उठाए सवाल; जांच नहीं हुई तो करेंगे बड़ा आंदोलन
केटी न्यूज/डुमरांव
जिले के मठिला गांव स्थित वार्ड संख्या 11 में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर अब वार्ड सदस्य सह जिला दिव्यांग संघ के जिलाध्यक्ष अगस्त उपाध्याय खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी गति और योजनाओं में कथित अनियमितता पर गंभीर सवाल उठाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।अगस्त उपाध्याय ने कहा कि वार्ड 11 में नाली, सड़क और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं वर्षों से उपेक्षित हैं। इससे लोगों का जीवन बेहद प्रभावित हो रहा है। बरसात के दिनों में जलजमाव की स्थिति भयावह हो जाती है, जबकि गर्मी में गंदगी और दुर्गंध से लोगों का जीना मुश्किल हो जाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं के लिए बजट आवंटन की जानकारी मिलती रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम दिखाई नहीं देता।उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में पारदर्शिता का अभाव साफ नजर आ रहा है। कई बार बैठकों में मुद्दा उठाने और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला है। “अब आश्वासन नहीं, काम चाहिए,” उन्होंने दो टूक कहा।वार्ड सदस्य के समर्थन में ग्रामीणों का भी गुस्सा फूट पड़ा है। असफाक मियां, जग्गू तुरहा, मंटू तुरहा, मोहर्रम मियां, मुमताज मियां, सोनू हजाम, मोहन तुरहा, संजय यादव, कन्हैया चौधरी और इद्दू मियां सहित कई लोगों ने बताया कि वे वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के लिए भटक रहे हैं।

कई बार लिखित आवेदन देने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।अगस्त उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि अगर शीघ्र ही नाली और सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी, ताकि दोषियों पर कार्रवाई हो सके।ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता में लेकर त्वरित कार्रवाई करे, ताकि वार्ड 11 के लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र में वास्तविक विकास की शुरुआत हो।

