लापरवाही बन सकती थी मौत का कारण: बंद फाटक पार करते ही पटरी पर फंसी बाइक, लोको पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
डुमरांव के पश्चिमी रेलवे फाटक पर गुरुवार की सुबह एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई, जब एक युवक की लापरवाही उसकी जान पर भारी पड़ सकती थी। बंद फाटक को नजरअंदाज कर पटरी पार करने की कोशिश में उसकी बाइक अप मेन लाइन पर फंस गई। ठीक उसी समय सामने से ट्रेन आ रही थी, लेकिन लोको पायलट की सतर्कता ने एक संभावित त्रासदी को टाल दिया।
__ सुबह-सुबह बड़ा खतरा टला, कुछ सेकंड की देरी होती तो हो सकता था बड़ा हादसा
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव के पश्चिमी रेलवे फाटक पर गुरुवार की सुबह एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई, जब एक युवक की लापरवाही उसकी जान पर भारी पड़ सकती थी। बंद फाटक को नजरअंदाज कर पटरी पार करने की कोशिश में उसकी बाइक अप मेन लाइन पर फंस गई। ठीक उसी समय सामने से ट्रेन आ रही थी, लेकिन लोको पायलट की सतर्कता ने एक संभावित त्रासदी को टाल दिया।घटना सुबह करीब 06:31 बजे की बताई जा रही है। 63229 आरा-बक्सर मेमू एक्सप्रेस जैसे ही डुमरांव स्टेशन से खुलकर बक्सर की ओर बढ़ी, तभी फाटक बंद होने के बावजूद एक युवक बाइक लेकर पटरी पर चढ़ गया।

वह एक ओर से फाटक पार तो कर गया, लेकिन दूसरी तरफ जगह नहीं मिलने के कारण किनारे से निकलने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक पटरी पर फंस गई।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिससे ट्रेन समय रहते रुक गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तेजी दिखाते हुए बाइक को पटरी से हटाया, जिसके बाद ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया।स्थानीय लोगों के अनुसार, फाटक के किनारे पहले एक अस्थायी रास्ता बना लिया गया था, जिससे लोग बंद फाटक के बावजूद जोखिम उठाकर पार करते थे।

हालांकि, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने इस रास्ते को बंद कर दिया है, फिर भी कुछ लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं।रेलवे अधिकारियों ने इस घटना को गंभीर चेतावनी मानते हुए लोगों से अपील की है कि बंद फाटक पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे में बदल सकती है।यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि जल्दबाजी और नियमों की अनदेखी कितनी खतरनाक हो सकती है।

