बिना पूर्व सूचना फाटक बंद होने पर यात्रियों में नाराजगी, रेलयात्री कल्याण समिति ने उठाई आवाज

दानापुर रेल मंडल क्षेत्र में बिना पूर्व सूचना समपार फाटक बंद किए जाने और विभिन्न तकनीकी कार्यों के चलते ट्रेनों के परिचालन में हो रही बाधाओं पर रेलयात्रियों तथा स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर शनिवार को रेलयात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रेल प्रशासन से पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की।

बिना पूर्व सूचना फाटक बंद होने पर यात्रियों में नाराजगी, रेलयात्री कल्याण समिति ने उठाई आवाज

__ दानापुर मंडल प्रशासन से ब्लॉक कार्यों और समपार फाटक बंदी की अग्रिम सूचना सार्वजनिक करने की मांग

केटी न्यूज/डुमरांव

दानापुर रेल मंडल क्षेत्र में बिना पूर्व सूचना समपार फाटक बंद किए जाने और विभिन्न तकनीकी कार्यों के चलते ट्रेनों के परिचालन में हो रही बाधाओं पर रेलयात्रियों तथा स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर शनिवार को रेलयात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रेल प्रशासन से पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की।उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक दानापुर, वरीय परिचालन प्रबंधक तथा जनसंपर्क पदाधिकारी से कहा कि मंडल क्षेत्र में जहां भी ब्लॉक कार्य, मरम्मत या समपार फाटक बंदी जैसी स्थिति उत्पन्न हो, उसकी सूचना समय रहते यात्रियों और आम जनता तक पहुंचाई जाए।

उनका कहना था कि अचानक फाटक बंद होने या ट्रेनों के परिचालन प्रभावित होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।समिति के अनुसार वर्तमान समय में मांगलिक कार्यक्रमों का मौसम चल रहा है, जिससे बड़ी संख्या में लोग शादी-विवाह, तिलक, गृहप्रवेश, मुंडन समेत अन्य सामाजिक आयोजनों में आने-जाने के लिए सड़क और रेल मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे समय बिना सूचना फाटक बंद होने से लोगों की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।शनिवार को जमानियां स्टेशन के समीप समपार फाटक संख्या 90सी/1ई के घंटों बंद रहने से आसपास के गांवों के लोगों को काफी कठिनाई झेलनी पड़ी। भीषण गर्मी के बीच लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

स्थानीय लोगों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से जानकारी लेनी चाही, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।बाद में इस संबंध में सहायक परिचालन पदाधिकारी अजीत कुमार से शिकायत की गई। उन्होंने मामले की जानकारी लेते हुए आगे ऐसी स्थिति में सुधार का आश्वासन दिया।रेलयात्री कल्याण समिति ने कहा कि रेल प्रशासन को जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सूचना तंत्र को मजबूत करना चाहिए, ताकि यात्रियों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सके।इस मांग का समर्थन करने वालों में ओमप्रकाश सिंह, बीजेन्द्र सिंह यादव, शैलेश कुमार ओझा, कामेन्द्र सिंह, मिथिलेश सिंह, मोहन गुप्ता, इमरान खान, वीरेंद्र ओझा, भुवर सिद्दीकी, उमेश प्रसाद तथा शंभु चंद्रवंशी समेत कई लोग शामिल हैं।