10 दिनों से अंधेरे में 200 घर, पानी के लिए भी तरसे लोग; कोरान सराय में बिजली विभाग के खिलाफ फूटा गुस्सा

डुमरांव अनुमंडल के कोरान सराय ग्राम पंचायत में बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। उर्दू प्राथमिक विद्यालय के समीप लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के पिछले दस दिनों से खराब रहने के कारण करीब 200 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है।

10 दिनों से अंधेरे में 200 घर, पानी के लिए भी तरसे लोग; कोरान सराय में बिजली विभाग के खिलाफ फूटा गुस्सा

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव अनुमंडल के कोरान सराय ग्राम पंचायत में बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। उर्दू प्राथमिक विद्यालय के समीप लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के पिछले दस दिनों से खराब रहने के कारण करीब 200 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। बिजली नहीं रहने से लोगों को भीषण गर्मी के बीच अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है, वहीं नल-जल योजना भी ठप हो जाने से पेयजल का गंभीर संकट पैदा हो गया है।ग्रामीणों का कहना है कि शुरुआत में ट्रांसफार्मर में लो वोल्टेज की समस्या थी, जिससे बिजली का उपयोग करना मुश्किल हो गया था। स्थानीय बिजली मिस्त्री ने कई बार इसे ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी खराबी दूर नहीं हो सकी।

इसके बाद करीब तीन दिन पहले खराब ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए विभाग के जिम्मे सौंप दिया गया, लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं कराया गया है। विभाग की इस उदासीनता से ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।बिजली आपूर्ति ठप रहने का असर केवल घरों तक सीमित नहीं है। क्षेत्र में संचालित सरकारी नल-जल योजना भी पूरी तरह बंद है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद विभाग की ओर से केवल आश्वासन मिला, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को खराब ट्रांसफार्मर के पास एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ विरोध जताया। उनका कहना था कि यदि अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।विरोध प्रदर्शन के दौरान शंकर जी साह, विनय कुमार, शशि सिंह, धरीक्षण सिंह, प्रमिला देवी, सरस्वती देवी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय उपभोक्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने और बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।